प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया ट्रेलर, हादसे के बाद लगा जाम; पुलिस ने संभाली स्थिति
जहाजपुर। कस्बे के चावड़िया चौराहे पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दयाराम चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभालते हुए हालात को सामान्य कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाहपुरा की ओर से आ रहा एक ट्रेलर चावड़िया चौराहे पर एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों का कहना है कि ट्रेलर युवक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
थाना प्रभारी दयाराम चौधरी ने बताया कि मृतक की पहचान चिरंजीव कीर निवासी जहाजपुर के रूप में हुई है। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद चावड़िया चौराहे पर यातायात बाधित हो गया, जिससे कुछ समय तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया और ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
युवक की असामयिक मृत्यु की खबर से कीर समाज में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में समाज के लोग राजकीय अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
