अनुभव समय से नहीं,परिस्थितियों की आग में ढलता है
हर संघर्ष जीवन को भीतर से नया आकार देता है।
सुख तो बस कुछ पल मुस्काकर आगे निकल जाता है
दुःख हर कदम पर जीने का सच्चा अर्थ सिखाता है।
जब राहों में काँटे हों,तभी हौसला खिलता है,
अँधियारे की गोद में ही नया सवेरा मिलता है।
गिरकर जो फिर उठ खड़ा हो,वही मंज़िल को पाता है,
हर ठोकर अगली सफलता का नक्शा बन जाता है।
अच्छे दिन अक्सर सपनों की मीठी बातें करते हैं
बुरे दिन चरित्र और साहस की नींव मज़बूत करते हैं।
आँसू जब आँखों से बहते हैं,मन निर्मल हो जाता है,
हर कठिन परीक्षा के बाद इंसान और निखर जाता है।
समय की घड़ी तो केवल पल-पल आगे बढ़ती रहती है
परिस्थितियाँ जीवन की असली पुस्तक लिखती रहती हैं।
जो हर चुनौती को मुस्कराकर अपना साथी बना लेता है
वही अपने भाग्य की तक़दीर स्वयं लिख देता है।
कठिन समय से कभी घबराना नहीं,मुस्कुराना सीखो,
हर अनुभव को अपनी ताक़त और पूँजी बनाना सीखो।
किशन सुख क्षणिक ताली देता है,दुःख जीवनभर का ज्ञान दे जाता है
परिस्थितियों से सीखा इंसान ही इतिहास रच जाता है।
क़र विशेषज्ञ स्तंभकार साहित्यकार अंतरराष्ट्रीय लेखक चिंतक कवि संगीत माध्यमा सीए (एटीसी) एडवोकेट किशन सनमुखदास भावनानीं गोंदिया महाराष्ट्र 9226229318
