चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधायक अभय कुमार वर्मा को दिल्ली सरकार का मुख्य प्रवक्ता तथा विधायकों अनिल कुमार शर्मा और हरीश खुराना को सरकार का प्रवक्ता नियुक्त किया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभय कुमार वर्मा के नेतृत्व में तथा अनिल कुमार शर्मा और हरीश खुराना के सहयोग से सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की आधिकारिक एवं तथ्यपरक जानकारी समयबद्ध रूप से जनता और मीडिया तक पहुंचाई जाएगी।
नव-नियुक्त प्रवक्ता समसामयिक विषयों पर सरकार का अधिकृत पक्ष प्रस्तुत करेंगे, महत्वपूर्ण निर्णयों और जनहित के मुद्दों पर जानकारी साझा करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर तथ्यों और निर्णयों का स्पष्टीकरण भी देंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन नियुक्तियों से सरकार और नागरिकों के बीच संवाद और अधिक सशक्त होगा तथा शासन से संबंधित प्रामाणिक और पारदर्शी सूचना के सुव्यवस्थित प्रसार को नई मजबूती मिलेगी।
