चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के तहत आयोजित विशाल जनसभा में दिल्ली के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने बवाना विधानसभा के समग्र विकास का व्यापक विजन प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की मौजूदगी में उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और यातायात से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि बवाना को आधुनिक, विकसित और सुविधासंपन्न विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दरियापुर स्टेडियम और बवाना चौक तालाब के सौंदर्यीकरण, कुतुबगढ़ डिस्पेंसरी को मिनी अस्पताल में विकसित करने, पूठ कला में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, दरियापुर-मूनक नहर पर एलिवेटेड रोड, बवाना बाईपास, रिठाला से केएमपी तक कनेक्टिविटी, अदिति कॉलेज के स्थायी भवन तथा ग्रामीण गौशालाओं को सरकारी सहायता जैसे अनेक विकास प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से बवाना में आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी तथा लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि जनहित और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से इन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में केंद्र और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत-2047 और विकसित दिल्ली के संकल्प पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित नागरिकों ने डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में विकास यात्रा को और गति देने का संकल्प लिया।
