चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली | दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के नागरिकों को सरकारी सेवाएं घर के नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 18 से 20 जून तक दिल्ली के 42 स्थानों पर व्यापक जन कल्याण शिविरों के आयोजन की घोषणा की है। इन शिविरों में केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सुशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिकतम मामलों का निस्तारण मौके पर ही किया जाए, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सके।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होने वाले इन शिविरों में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार पंजीकरण, ई-श्रम कार्ड, जनधन खाता, पेंशन, जल कनेक्शन, गृह कर सेवाएं, पीएम-स्वनिधि, पीएम-विश्वकर्मा, स्टार्टअप इंडिया और एमएसएमई ऋण सुविधाओं सहित अनेक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जुड़ी जानकारी और लाभ भी नागरिकों को दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के कमजोर वर्गों के लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। शिविरों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली योजना, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, विधवा पुत्री विवाह सहायता और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्य किए जाएंगे। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और बीपीएल कार्डधारकों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि जनभागीदारी और पारदर्शी प्रशासन के माध्यम से सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपने निकटतम जन कल्याण शिविर में पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री के अनुसार ये जन कल्याण शिविर सरकार की जनसेवा, सुशासन और जवाबदेह प्रशासन के संकल्प का प्रतीक हैं, जो नागरिकों को सुविधाएं उनके द्वार तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होंगे।
