मॉडल मोक्षधाम बनेगा आसींद रोड शमशान घाट, विधायक डॉ. बैरवा ने किया 20.66 लाख के विश्रांति गृह व स्नानगृह का शिलान्यास
पत्रकार सुभाष व्यास
शाहपुरा, नगर के आसींद रोड स्थित शमशान घाट को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल मोक्षधाम के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सोमवार को यहां ₹20.66 लाख की लागत से बनने वाले विश्रांति गृह एवं स्नानगृह का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि मोक्षधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थल नहीं, बल्कि श्रद्धा और सम्मान का केंद्र होता है। इसे सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने शमशान घाट को मॉडल मोक्षधाम के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त करते हुए परिसर में मिट्टी भराव, सड़क निर्माण एवं हैंडपंप लगाने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए।
शमशान घाट के विकास कार्यों को लेकर स्थानीय संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों की साझा पहल की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से मोक्षधाम को एक आदर्श एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिससे नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
