फ़िरोज़ खान
बारां।सारथल थाना क्षेत्र के नारेड़ा गांव में सोमवार अल सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। ग्रामीणों द्वारा सुबह करीब 5.30 बजे पुलिस को सूचना दी गई कि नारेड़ा निवासी 30 वर्षीय लीलाबाई पत्नी धर्मराज लोधा की उसके पति धर्मराज लोधा ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही थानाधिकारी धर्मपाल यादव पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घर के अंदर पलंग पर लीलाबाई का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारथल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी धर्मराज लोधा शराब पीने का आदी है। रविवार रात पति-पत्नी के बीच रुपयों को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि शराब पीने के लिये रुपये नहीं देने पर गुस्से में आए धर्मराज ने कुल्हाड़ी से पत्नी की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कराने के लिए एमओबी और एफएसएल टीम को बुलाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी आरोपी पति तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, हालांकि मौके पर स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।

