महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या
नगर निगम प्रवर्तन दल द्वारा सिविल लाइन स्थित कैंट स्टेशन के आसपास सड़क किनारे लगी दुकानों और ठेलों को हटाए जाने के बाद स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी मामले को लेकर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता आज पीड़ित दुकानदारों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।

दुकानदारों से बातचीत के दौरान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या तेजी से स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो रही है, लेकिन स्मार्ट सिटी का मतलब यह नहीं है कि छोटे और गरीब दुकानदारों को उजाड़ दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा भी यही है कि किसी भी गरीब और मेहनतकश दुकानदार को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के न हटाया जाए।
नगर विधायक ने कहा कि कैंट स्टेशन और उसके आसपास वर्षों से ठेला एवं छोटी दुकान लगाकर परिवार चलाने वाले करीब 50 से 60 दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनका प्रयास रहेगा कि सभी प्रभावित दुकानदारों को पहले उचित स्थान पर विस्थापित किया जाए, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई हो।
इस दौरान विधायक ने अधिकारियों से भी बातचीत कर दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। विधायक के आश्वासन के बाद दुकानदारों ने राहत की उम्मीद जताई है।