दिल्ली में हफ्ते में 2 दिन वर्क फ्रॉम होम, हर सोमवार ‘मेट्रो मंडे’
चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi के ‘राष्ट्र प्रथम’ आह्वान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने गुरुवार को ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान लॉन्च किया। इस अभियान के तहत दिल्ली सरकार ने ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन, ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों के इस्तेमाल और जिम्मेदार जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि फायर सर्विस, अस्पताल, बिजली-पानी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट जैसी आवश्यक सेवाओं को छोड़कर दिल्ली सरकार के विभागों में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाएगा। निजी कंपनियों को भी इसी मॉडल को अपनाने की सलाह दी गई है।
सरकार ने सरकारी वाहनों में पेट्रोल खपत कम करने के लिए अधिकारियों के पेट्रोल अलाउंस में 20 प्रतिशत कटौती का फैसला लिया है। साथ ही अगले छह महीने तक कोई नया पेट्रोल, डीजल, सीएनजी या हाइब्रिड वाहन नहीं खरीदा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर सोमवार को ‘मेट्रो मंडे’ के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें मंत्री, अधिकारी और कर्मचारी सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करेंगे। ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए दिल्ली सरकार और एमसीडी कार्यालयों के समय में भी बदलाव किया गया है।

दिल्ली की 29 सरकारी कॉलोनियों से मेट्रो स्टेशनों तक कर्मचारियों को पहुंचाने के लिए 58 फीडर बसों का विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा सरकारी बैठकों का 50 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन मोड में आयोजित होगा और घरेलू यात्रा खर्च में भी कटौती की जाएगी।
Rekha Gupta ने कहा कि अगले एक साल तक दिल्ली सरकार के मंत्री और अधिकारी किसी भी आधिकारिक विदेशी दौरे पर नहीं जाएंगे। बड़े सरकारी कार्यक्रमों और कॉन्फ्रेंसों को भी सीमित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में 90 दिनों तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्कूलों, कॉलेजों, आरडब्ल्यूए और संस्थानों में ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन, ‘नो व्हीकल डे’ और ‘मेड इन India’ उत्पादों को अपनाने की शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा, “छोटे-छोटे प्रयास ही भारत की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे।”

