विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के दिए निर्देश
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या
प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जनपद अयोध्या के प्रभारी मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में जनपद अयोध्या की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की प्रगति, जनहित से जुड़े कार्यों तथा विकास परियोजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में नव भवन निर्माण, सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, सेतु निर्माण, रोड सेफ्टी तथा जीएसटी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनसामान्य तक विकास योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। मा0 प्रभारी मंत्री ने परिक्रमा मार्ग पर चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए,जिससे जनपद में आने वाले श्रद्धालुओ को आवागमन समस्या का सामना ना करना पड़ें। कहा कि गलियों के जल निकासी व्यवस्था बेहतर करा ली जाए। बारिश से पहले सड़कों को गड्ढा मुक्त कर लिया जाए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें, ताकि जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक में मा0 महापौर ने शहर क्षेत्र में सड़कों पर जलभराव की समस्या का मुद्दा उठाते हुए उसके स्थायी समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं मा0 विधायक रुदौली ने नवनिर्माण कार्यों में छूटे हुए कार्यों को भी शामिल किए जाने का सुझाव दिया। मा0 विधायक बीकापुर ने एक किलोमीटर लंबाई तक की सड़कों को भी योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा।
प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न स्थानीय मुद्दों एवं विकास संबंधी प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मा0 महापौर महंत श्री गिरीशपति त्रिपाठी,मा0 सदर विधायक श्री वेद प्रकाश गुप्ता, मा0 विधायक रुदौली श्री रामचंद्र यादव, मा0 विधायक मिल्कीपुर श्री चंद्रभान पासवान,मा0 विधायक गोसाईगंज श्री अभय सिंह, मा0 विधायक बीकापुर श्री अमित सिंह चौहान, जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर श्री योगानंद पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
