चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘संडेज़ ऑन साइकिल्स’ कार्यक्रम में रविवार को दिल्लीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कनॉट प्लेस के ब्लॉक-E में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों और महिलाओं ने साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम में दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री श्री आशीष सूद विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मंत्री सूद ने कहा कि ‘संडेज़ ऑन साइकिल्स’ जैसे अभियान लोगों को फिट रहने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में अब तक इस अभियान के तहत ढाई लाख से अधिक स्थानों पर आयोजन हो चुके हैं, जिनमें लगभग 27 लाख साइकिलिस्टों की भागीदारी दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने की संस्कृति को बढ़ावा देने से न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि शहरों में प्रदूषण कम करने में भी बड़ी मदद मिलेगी। मंत्री सूद ने यह भी बताया कि फिट इंडिया साइक्लिंग ड्राइव की शुरुआत केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने 17 दिसंबर 2024 को दिल्ली में की थी, जिसके बाद से पूरे देश में हर सप्ताह ‘संडेज़ ऑन साइकिल्स’ का आयोजन किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि इस अभियान का उल्लेख प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ में किया था और लोगों से मोटापे के खिलाफ सक्रिय जीवनशैली अपनाने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली में साइकिलिंग को बढ़ावा मिलता है तो इससे प्रदूषण कम करने और शहर के पर्यावरण को बेहतर बनाने में बड़ी सफलता मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के प्रतिनिधियों ने लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। वहीं राहगिरी फाउंडेशन की संस्थापक सारिका पांडे के प्रयासों की भी मंत्री सूद ने सराहना की।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित भी किया गया। मंत्री सूद ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे ‘संडेज़ ऑन साइकिल्स’ को अपनी साप्ताहिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर फिट और स्वच्छ दिल्ली के निर्माण में योगदान दें।



