महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। नगर निगम की टीम के साथ महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी वशिष्ठ कुंड वार्ड का भ्रमण कर सफाई, पेयजल, पार्क, नालियों एवं गलियों की स्थिति देखेंगे। इस दौरान जनसुनवाई कर समस्याओं का समाधान भी कराएंगे।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि नगर की सरकार आपके द्वार अभियान के तहत पांच दिसंबर को सुबह सात बजे महापौर वशिष्ठ कुंड वार्ड में भ्रमण कर लोगों की शिकायतें और समस्याएं संकलित करेंगे और उसका यथासंभव समाधान कराएंगे। भ्रमण के मद्देनजर नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार ने सभी विभागाध्यक्षों को टीमों सहित मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि भ्रमण में जलकल, स्वास्थ्य, प्रकाश एवं निर्माण विभाग से जुड़ी टीमें शामिल रहेंगी। इस दौरान शिविर लगाकर गृह एवं जलकर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रकार की समस्याओं को संकलित कर यथासंभव निदान भी कराया जाएगा।