
पेज 3 न्यूज़
नई दिल्ली, 25 दिसम्बर।
भारतीय सेना ने अपने जवानों के लिए सोशल मीडिया एप्स के इस्तेमाल पर नई नीति जारी की है। इसमें साफ किया गया है कि सेना के कर्मी किस तरह सोशल मीडिया एप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। सूचना के मुताबिक, इंस्टाग्राम जैसे एप्स का इस्तेमाल अब केवल जानकारी देखने और निगरानी करने के लिए किया जा सकेगा। जवान इंस्टाग्राम पर कोई कमेंट या अपनी राय साझा नहीं कर सकते। वहीं, स्काइप, व्हाट्सएप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे एप्स पर सामान्य और गैर-संवेदनशील जानकारी साझा करने की अनुमति दी गई है। लेकिन ऐसी जानकारी केवल पहचान वाले लोगों के साथ ही साझा की जा सकती है। किसी को सही पहचान कर जानकारी भेजने की जिम्मेदारी उपयोगकर्ता की होगी। इसके अलावा, यूट्यूब, एक्स, क्वोरा और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर केवल जानकारी पाने या सीखने के लिए देखा जा सकता है। इन प्लेटफॉर्म पर कभी भी खुद का कंटेंट अपलोड नहीं किया जा सकता।