नई दिल्ली (चंदन सिंह, पेज 3 न्यूज़ ब्यूरो): शिवाजी कॉलेज की फाइन आर्ट सोसाइटी विब्जोर द्वारा आयोजित दो दिवसीय कला महोत्सव ‘एक्रिलिका 2025’ का शुभारंभ 13 नवंबर 2025 को किया गया। यह कार्यक्रम उड़ान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है।
उत्सव का उद्घाटन गांधी भवन के निदेशक डॉ. के. पी. सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा दिल्ली विश्वविद्यालय की कल्चरल कमेटी के डीन और सेंटर फॉर इंडिपेंडेंस एंड पार्टिशन स्टडीज के निदेशक प्रोफेसर रवींद्र कुमार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में किया।
उद्घाटन समारोह में प्रो. रवींद्र कुमार ने दैनिक जीवन में कला की भूमिका और उसके महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. के. पी. सिंह ने छात्रों के लिए संचार कौशल में आत्मविश्वास की अहमियत को रेखांकित किया।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. वीरेन्द्र भारद्वाज ने छात्रों द्वारा प्रस्तुत उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर प्रोफेसर दीपिका यादव, संयोजिका, कल्चरल कमेटी, तथा डॉ. निधि गर्ग, संयोजिका, विब्जोर सोसाइटी भी उपस्थित रहीं।
इस वर्ष एक्रिलिका 2025 का विषय था—
“वसुधैव कुटुम्बकम: ट्रेडिशनल इंडियन आर्टफॉर्म्स के सार के साथ वर्ल्ड सिनेमा”,
जिसके अंतर्गत विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने एटोपिया आर्ट एग्जीबिशन और फिल्मी पैलेट पोस्टर पुनःडिज़ाइन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत रचनात्मक कलाकृतियों और प्रतिभाओं ने आयोजन को एक यादगार कला उत्सव का रूप दे दिया।

