शरीर से प्रेम है तो योग के आसन अपनाइए,
तन की थकान मिटाकर,जीवन में ऊर्जा जगाइए,
स्वस्थ काया ही जीवन की पहली अमूल्य पहचान है,
इस मंदिर की सेवा करना भी स्वयं का सम्मान है।
सांसों से प्रेम है तो प्राणायाम का अभ्यास कीजिए,
हर आती-जाती सांस में जीवन का अहसास कीजिए,
श्वासों की लय में छिपा है मन की शांति का सार,
सांसों पर जिसका संयम, उसका जीवन बने साकार।
आत्मा से प्रेम है तो ध्यान की गहराई में उतर जाइए,
मन के समस्त विकारों को मौन की अग्नि में जलाइए,
बाहरी दुनिया छोड़कर स्वयं से पहचान कीजिए,
अंतर्मन के प्रकाश में अपने अस्तित्व का भान कीजिए।
परमात्मा से प्रेम है तो अहंकार का त्याग कीजिए,
इच्छाओं को छोड़कर पूर्ण समर्पण का भाव लीजिए,
जहाँ ‘मैं’ का अस्तित्व मिटे,वहीं भक्ति का विस्तार है,
समर्पित हृदय में ही परमात्मा का सच्चा साक्षात्कार है।
आसन से तन निखरता है,प्राणायाम से सांस सँवरती है,
ध्यान से आत्मा जागती है,समर्पण से कृपा बरसती है,
किशन शरीर से शुरू,परमात्मा तक है प्रेम का सफ़र
स्वयं में प्रभु को पा ले,उसका जीवन हो जाता है अमर।

