कौन कहता है शब्दों का कोई मोल नहीं होता,
हर लफ़्ज़ यूँ ही बेमतलब अनमोल नहीं होता,
एक मीठा बोल किसी के चेहरे पर मुस्कान सजाता है,
एक कड़वा बोल बरसों का रिश्ता पल में मिटाता है।
एक हाँ किसी के सपनों को पंख लगा जाती है,
एक नाँ उम्मीदों की दुनियाँ पल में ढहा जाती है,
कभी एक शब्द किसी की तक़दीर सँवार देता है,
कभी वही शब्द जीने का हौसला मार देता है।
शब्दों में मरहम भी है,शब्दों में तलवार भी,
शब्दों से ख़िलती बहारें,शब्दों से पतझड़ की मार भी,
बोलने से पहले सोचो,दिल पर क़्या असर होगा,
तुम्हारा कहा हुआ हर,लफ़्ज़ किसी के दिल में घर होगा।
किसी के टूटे हौसलों को दो शब्द सँभाल लेते हैं,
बुझते हुए चिरागों को फिर रोशन कर डालते हैं,
कभी मौन भी बेहतर है,जब शब्द चुभने लगते हैं,
रिश्ते उन्हीं के महकते हैं,जो सोच-समझकर बोलते हैं।
इसलिए शब्दों को चुनना,ये साधारण उपहार नहीं,
इनसे बढ़कर दुनियाँ में कोई प्रभावी हथियार नहीं,
किशन एक हाँ या नाँ में पूरी दुनिया बदल जाती है
ज़ुबान से निकली बात ही दुआ,या सज़ा बन जाती है।

