-महापौर ने की समीक्षा बैठक
-कौशलपुरी फेस-1 में 280 व फेस-2 में 338 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी

महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। पुराने नगरीय क्षेत्र और विस्तारित क्षेत्र में सीवर लाइन बचाने के कार्य में जिम्मेदार अधिकारी तेजी लाएं। विस्तारित क्षेत्र में कुल 618 किलोमीटर सीवर लाइन डाली जानी है। यह हिदायत महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने जल निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में दी। इस दौरान नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार भी मौजूद थे।
महापौर ने समीक्षा के दौरान शारदापुरम कॉलोनी, अरण्यपुरम कॉलोनी, राघव विहार कॉलोनी, दरगाह बगिया, गोड़ियाना, अहिराना, खाले का पुरवा, नारायण विहार कॉलोनी में सीवेज पाइप लाइन बिछाने की परियोजना को त्वरित गति से लागू करने का निर्देश दिया। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि समीक्षा बैठक में पाया गया कि नगरीय क्षेत्र में और 126 किलोमीटर सीवेज लाइन बिछाई जानी है, जिसमें अब तक आठ किलोमीटर सीवेज लाइन बिछाई जा चुकी है। मेयर ने 2027 तक कार्य पूरा होने के लक्ष्य को देखते हुए काम में तेजी लाने और गुणवत्ता हर हाल में बनाए रखने का निर्देश दिया।
विस्तारित क्षेत्र में फेस-वन के तहत 20 वार्ड में 280 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाया जाना है, जबकि फेस-टू के 16 वार्ड में 338 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इस कार्य की स्वीकृति हो चुकी है।
पेयजलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पाया गया कि 24 घंटे सप्लाई योजना चार वार्डों में ट्रायल मोड में है, जबकि एक में ट्रायल कार्य पूरा हो चुका है और कनेक्शन दिए जाने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। महापौर ने कनेक्शन देने में किसी प्रकार की गड़बड़ी पर होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाए गए 81 में से 77 वॉटर कियाक्स चालू हालत में पाए गए। महापौर ने सर्वे कर नगरीय क्षेत्र में वाटर क्याक्स की आवश्यकता का आकलन करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि कौशलपुरी कॉलोनी में फेस-1 एवं फेस-2 में अब तक लगभग कुल 900 मीटर पाइपलाइन विस्तार का कार्य कराया जा चुका है एवं वर्तमान समय में कुल 1350 मीटर पाइप लाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। साकेतपुरी कॉलोनी में कुल 3355 मीटर पाइप लाइन विस्तार का कार्य एवं एक नए नलकूप की स्थापना का कार्य कराया जा रहा है।
इस दौरान महाप्रबंधक जलकर सौरभ, सहायक अभियंता जयकुमार एवं सभी अवर अभियंता मौजूद थे।