
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या
संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर समाजवादी पार्टी कार्यालय, लोहिया भवन गुलाबबाड़ी में एक प्रभावशाली व विचार-विमर्श से भरी गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने की, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और पदाधिकारी शामिल हुए।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए अयोध्या–फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा “भारतीय जनता पार्टी की सरकार बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान को कमजोर करने की कोशिश में लगी है। यह सिर्फ संविधान पर हमला नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर भी सीधा प्रहार है।” उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का संविधान हर नागरिक के अधिकारों का संरक्षक है और इसे बचाने के लिए जनता को जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने के लिए जो व्यवस्था बनाई, आज उसे खतरे में डालने वाली ताकतों से सतर्क रहना जरूरी है। सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक न्याय और समानता की जो मशाल जलाई, समाजवादी पार्टी उसी विचारधारा की सच्ची वारिस है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। वक्ताओं ने गोष्ठी में संकल्प लिया कि अंबेडकर के विचारों—शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो—को जन-जन तक पहुँचाने का अभियान जारी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। पूरा लोहिया भवन “संविधान बचाओ—लोकतंत्र बचाओ” के नारों से गूंज उठा़। सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।