
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की बिसाही और बोडेपुर ग्रामसभाओं में अचानक लगी भीषण आग ने तबाही मचा दी। इस हादसे में 10 यादव और 1 दलित परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई, साथ ही कई मवेशी भी आग की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी राजन पांडेय मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने दरी, चादर, कंबल के साथ-साथ 500 और 1000 रुपये की आर्थिक सहायता देकर तत्काल मदद पहुंचाई। साथ ही आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
राजन पांडेय ने दूरभाष पर बताया कि अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों के पास तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचता। यही कारण है कि वे पिछले 20 वर्षों से लगातार ऐसे हादसों में मदद करते आ रहे हैं।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे भी आगे आकर पीड़ितों की मदद करें। साथ ही कटाक्ष करते हुए कहा कि आजकल कुछ नेता जनता की मदद करने के बजाय शराब, पैसा और अन्य प्रलोभनों के जरिए वोट लेना ज्यादा पसंद करते हैं, जो कि गलत है।
अपने विरोधियों को जवाब देते हुए राजन पांडेय ने कहा कि जो लोग 1000 रुपये की मदद पर सवाल उठाते हैं, वे जाकर पीड़ित परिवारों से पूछें कि इस सहायता से उन्हें कम से कम दो दिन के भोजन की चिंता नहीं रहती।
अग्निपीड़ितों की मदद के बाद राजन पांडेय ने वरिष्ठ पत्रकार राज नारायण पांडेय के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। हाल ही में उनके बड़े पिता का आकस्मिक निधन हो गया था।
इस दौरान त्रिलोकीनाथ पांडेय, अनिल मिश्रा, सोनू तिवारी, जिला पंचायत सदस्य अंकित पांडेय, बब्बू पांडेय, सुरेंद्र शुक्ला, सुनील मौर्य, राहुल जाटव समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।