किसी की बातों में आकर अपनों से दूरी मत बनाना,
बिना सच जाने किसी अपने पर इल्जाम मत लगाना,
रिश्ते बड़ी मुश्किल से विश्वास की नींव पर बनते हैं,
इन्हें दूसरों के शब्दों से टूटने का कारण मत बनाना।
लोग तो अक्सर बातों में आग लगाने आते हैं,
कभी मीठे शब्दों में मनों में जहर घोल जाते हैं,
जो आपके अपने हैं, उन्हें परखना खुद की समझ से,
क्योंकि कुछ लोग रिश्ते जोड़ने नहीं,तोड़ने आते हैं।
किसी तीसरे की बात पर अपनों से सवाल मत करना,
अधूरी कहानी सुनकर रिश्तों में बवाल मत करना,
एक बार बैठकर दिल से दिल की बात कर लेना,
मगर शक के अंधेरे में विश्वास को बेहाल मत करना।
रिश्तों में गलतफहमियों की दीवार मत उठने देना,
किसी गैर को अपनों के बीच दरार मत बुनने देना,
जो रिश्ता अपना है, उसकी हिफाजत खुद करना,
दूसरों के हाथों अपने विश्वास को मत मिटने देना।
याद रखना! रिश्ते आपके हैं,दुनियाँ के नहीं,
किशन खुशियां आपकी हैं,किसी तमाशबीन की नहीं,
लोग आज कुछ कहेंगे,कल कुछ और सुनाएंगे,
टूटे हुए अपने रिश्ते फिर आसानी से नहीं बन पाएंगे।

