
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें संस्करण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने महानगर क्षेत्र में व्यापक तैयारियाँ की हैं। पार्टी द्वारा महानगर के लगभग 400 बूथों पर सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहाँ कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक एकत्र होकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुनेंगे।
इन तैयारियों की समीक्षा के लिए सहादतगंज स्थित महानगर पार्टी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य सरोज कुमारी एवं महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य सरोज कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम जन-जन से संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है। यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरित करता है और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक नागरिकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
वहीं महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि 400 बूथों पर सामूहिक श्रवण का आयोजन पार्टी की संगठनात्मक मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की सकारात्मक पहल और जन-आंदोलनों का प्रेरक मंच है।
बैठक में तिलकराम मौर्या, शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, डा राकेश मणि त्रिपाठी, रवि सोनकर, मुकेश तिवारी, दिव्य प्रकाश तिवारी, कपिल देव वर्मा, स्वपनिल श्रीवास्तव, शशिप्रताप सिंह, वरूण चौधरी, शुभम श्रीवास्तव, ओमिश अग्रहरि, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने-अपने बूथों की तैयारियों की जानकारी दी ।