जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) टोंक इकाई ने मंगलवार को जहाजपुर तहसील के ऊंचा हल्का पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने न्यायालय के आदेश के अनुसार जमीन की डिक्री दर्ज करने के बदले परिवादी से रिश्वत मांगी थी।
एसीबी के अनुसार, परिवादी ने हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता के पक्ष में न्यायालय का फैसला होने के बावजूद पटवारी भंवर सिंह राजस्व रिकॉर्ड में डिक्री दर्ज करने के लिए 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
चलती कार में हुआ रिश्वत का सौदा
मंगलवार को आरोपी पटवारी ने परिवादी को बीच रास्ते अपनी कार में बैठाया और रिश्वत की राशि कार के डैशबॉक्स में रखवा दी। पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डैशबॉक्स से 20 हजार रुपये बरामद किए और पटवारी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ जारी, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मामला दर्ज
यह कार्रवाई एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक के निर्देशन तथा एसीबी टोंक के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में की गई। आरोपी भंवर सिंह मूल रूप से सीकर जिले का निवासी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
