अब तक की प्रगति का लिया जायजा, फिनिशिंग कार्य पूरा करने के निर्देश

महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बुधवार को अधिकारियों के साथ नगर निगम के निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण किया और अब तक कराए गए कार्यों को निकट से देखा। उन्होंने फिनिशिंग कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
महापौर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, सहायक अभियंता सिविल राजपति यादव के साथ साढ़े 12 बजे नगर निगम के निर्माणाधीन कार्यालय भवन पहुंचे। यहां ठेकेदार बैग माइन इंटरप्राइजेज बरेली के परियोजना प्रबंधक महाराज शर्मा एवं पीएमसी दिवाकर के साथ सभी मंजिल पर जाकर प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान पाया गया कि नगर निगम एवं अयोध्या विकास प्राधिकरण का संयुक्त प्रशासनिक भवन लगभग बनकर तैयार हो चुका है। अब फिनिशिंग कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि अत्याधुनिक ढंग से बनाए जा रहे इस भवन में रैंप का निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि लिफ्ट लगाने की तैयारी हो चुकी है। बताया गया कि नगर निगम और एडीए का प्रवेश द्वार अलग-अलग होगा, हालांकि प्राधिकरण के हिस्से की बिल्डिंग में पांचवीं मंजिल नगर निगम की होगी। इसमें नगर आयुक्त का कार्यालय बनाया जाएगा यहीं सभी अपर आयुक्त भी बैठेंगे।
दो हिस्सों में बन रहा यह भवन पांच मंजिला होगा। इसमें सोलर पैनल का इस तरह से लगाया जाएगा कि बिजली जाने पर भी आधे घंटे का बैकअप मिल सके। यहां भूमिगत पार्किंग के साथ अत्यधिक अग्निशमन सुरक्षा एवं बेहतर जल प्रबंधन का भी इंतजाम किया गया है। इसके बेसमेंट में 292 वाहनों की पार्किंग की सुविधा शुरू होगी। महापौर ने अधिकारियों से फिनिशिंग कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। परियोजना प्रबंधक महाराज शर्मा ने नगर निगम को भवन हैंडओवर करने के लिए तीन माह का समय मांगा। इस दौरान पार्षद अभिनव पांडे भी थे।