
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। महापौर मं. गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा है कि जब लोग सो रहे होते हैं तो नगर निगम जागकर सफाई कर रहा होता है। उन्होंने बीते वर्ष की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का योजनावद्ध ढंग से कड़ी मेहनत कर नगर निगम की साख बढ़ाने के लिए आभार जताया। वह तिलक हाल में बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश भर के लोग जब यहां आते हैं तो वह भी सफाई की तारीफ करते हैं। उन्होंने पेयजल व्यवस्था को लेकर संवेदनशीलता बरतने पर पार्षदों की तारीफ की। कहा कि स्थानीय सरकार आपके द्वार अभियान के तहत गली-मोहल्ले में जाकर जनसमस्याएं सुनीं गई। महापौर ने उम्मीद जताई कि 10 लाख की आबादी का मानक लागू होने से अब नगर निगम को और अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नए संकल्प और नई उम्मीद के साथ नए भवन में प्रवेश करेंगे।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि नगर निगम आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा है। स्वच्छता की रैंकिंग में निरंतर सुधार हुआ है। दीपोत्सव एवं महापौर सम्मेलन का सफल आयोजन कर निगम की गरिमा बढ़ाई।
संचालन अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने किया। इस मौके पर उप सभापति राजेश गौड़, जयनारायण सिंह ‘रिंकू’, विशाल पाल, चंदन सिंह, अनुज दास, अपर आयुक्त भारत भार्गव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेन्द्र सिंह, जोनल अधिकारी अशोक गुप्त आदि मौजूद रहे।