
गोरखपुर: मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर और हरिहर प्रसाद दूबे फाउण्डेशन ट्रस्ट के मध्य आज एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी जी की उपस्थिति में विश्वविद्यालय की ओर से अधिष्ठाता विस्तार गतिविधियां प्रो. जय प्रकाश ने तथा ट्रस्ट की ओर से रंजना दूबे एवं देशराज दूबे ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सह अधिष्ठाता डॉ. अवधेश कुमार तथा प्रो. डी. एस. सिंह भी उपस्थित रहे।
इस समझौते के तहत ट्रस्ट द्वारा विश्वविद्यालय को पांच लाख रुपये (रु. 5,00,000/-) की एकमुश्त राशि दान स्वरूप प्रदान की जाएगी। यह राशि एक स्थायी कोष (corpus fund) के रूप में संरक्षित रहेगी तथा इसके द्वारा अर्जित वार्षिक ब्याज/आय का उपयोग केवल कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग (CSE) स्नातक कार्यक्रम के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को वार्षिक मेरिट आधारित पुरस्कार प्रदान करने के लिए किया जाएगा। मूलधन को कभी भी खर्च नहीं किया जाएगा।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रत्येक छात्र को मेरिट प्रमाण-पत्र के साथ स्व. पण्डित हरिहर प्रसाद दूबे जी का संक्षिप्त जीवन-परिचय (brief resume) भी प्रदान किया जाएगा। छात्रों की संख्या तथा प्रत्येक को दी जाने वाली पुरस्कार राशि उपलब्ध ब्याज आय के आधार पर विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं शैक्षणिक मेरिट पर आधारित होगी।
विश्वविद्यालय प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में समयबद्ध रूप से पुरस्कार वितरित करेगा तथा प्रत्येक वर्ष चयनित छात्रों की सूची, चयन मानदण्ड तथा वितरित पुरस्कारों का विवरण सहित एक वार्षिक प्रतिवेदन ट्रस्ट के न्यूयॉर्क स्थित शाखा कार्यालय को प्रेषित करेगा।
यह समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर की तिथि से अनन्तकाल (in perpetuity) तक प्रभावी रहेगा।