
पेज 3 न्यूज़
नई दिल्ली, 5 जनवरी। उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की सुगबुगाहट अब अपने निर्णायक दौर में पहुँच गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद अब वे गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मिलने वाले हैं। इन मुलाकातों को आगामी कैबिनेट विस्तार के अंतिम ब्लूप्रिंट से जोड़कर देखा जा रहा है। योगी आदित्यनाथ की नितिन नबीन के साथ यह पहली औपचारिक मुलाकात होगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बैठक में यूपी कैबिनेट के विस्तार और संगठन में खाली पड़े पदों पर नामों को अंतिम रूप दिया जा सकता है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी तक किसी एजेंडे की पुष्टि नहीं की गई है।
हाल ही में लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर यूपी भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ एक लंबी और महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में सरकार और संगठन के समन्वय तथा 2027 के चुनावी लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए संभावित मंत्रियों की सूची पर मंथन किया गया था। कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का नाम सबसे ऊपर है। माना जा रहा है कि उन्हें मंत्रिमंडल में कोई बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके अलावा, कई नए और युवा चेहरों को भी मंत्री बनाकर क्षेत्रीय व जातीय समीकरणों को साधने की तैयारी है।