मुस्कान में ऐसी शक्ति है,जो पत्थर दिल पिघला देती है,
बिगड़ी हुई बातों में भी,प्रेम की राह बना देती है,
जहाँ तर्क हार जाते हैं,वहाँ मुस्कान जीत जाती है,
एक प्यारी-सी मुस्कान,कई उलझनें सुलझा जाती है।
मौन भी कोई कमजोरी नहीं,यह गहरा हथियार होता है,
हर बात का उत्तर देना,कहाँ जरूरी होता है,
कुछ शब्द रिश्ते तोड़ते हैं,कुछ मौन उन्हें बचा लेता है,
समझदार का शांत रहना,तूफानों को थाम लेता है।
मुस्कान बाँटते चलिए,तो चेहरे खिलते जाते हैं,
दुख़ के अँधियारे रास्ते भी,उजियारे बनते जाते हैं,
कड़वे शब्दों की जगह यदि,मधुरता को अपनाया जाए,
तो टूटते हुए संबंधों को भी,फिर से जोड़ा जाए।
मौन वहाँ रखिए जहाँ,शब्द आग लगा सकते हैं,
मुस्कान वहाँ दीजिए जहाँ,दिल टूटे हुए मिल सकते हैं,
हर युद्ध जीतना जरूरी नहीं,कभी पीछे हटना भी जीत है
शांति से बचा जो रिश्ता,वही जीवन की सच्ची रीत है
मुस्कान से दिल जीतो और मौन से विवाद टाल दो,
जहाँ व्यर्थ हो शब्दों का मेला,वहाँ चुप्पी को ढाल दो,
किशन जीवन के सफर में बस इतना-सा हुनर अपना लो,
मुस्कुराकर दिल जीत लो,मौन रहकर जीवन बचा लो।



