बिना खोए जीवन में कुछ हासिल नहीं होता,
त्याग की अग्नि में तपे बिना व्यक्तित्व निख़ार नहीं होता।
मंजिलों को पाने का मूल्य चुकाना पड़ता है,
हर नई शुरुआत से पहले कुछ पुराना मिटाना पड़ता है।
स्वर्ग की चाहत रखने वालों को मृत्यु स्वीकारनी पड़ती है,
अमरत्व की राह में भी पुरानी पहचान छोड़नी पड़ती है।
यह जीवन का अटल सत्य और समय का पैगाम है,
हर परिवर्तन के पीछे छिपा कोई त्याग महान है।
कुछ पाने की चाह में बहुत कुछ गंवाना पड़ता है,
कभी अपनों से,कभी सपनों से दूर जाना पड़ता है।
जो दर्द सहकर भी अपने इरादों पर अडिग रहते हैं,
वही संघर्षों की राख से सफलता के फूल चुनते हैं।
हर टूटना अंत नहीं,नई शुरुआत का संकेत होता है,
हर बिछड़ना किसी अनदेखे रास्ते की सौगात होता है।
जो खोने के भय से कभी आगे नहीं बढ़ पाते,
वे जीवन के अनमोल अवसरों को यूँ ही गंवाते।
इसलिए खोने से नहीं, ठहर जाने से डरना सीखो,
अंधेरों से नहीं,अपने भीतर के डर से लड़ना सीखो।
किशन त्याग की कोख से ही नया इतिहास जन्म लेता है,
जो खोने का साहस रखता है,पाने का अर्थ समझता है

