गलत व्यक्ति की मीठी बातें,भीतर ज़हर छिपा जाती हैं,
झूठी मुस्कानें अक्सर,विश्वास की नींव हिलाती हैं।
जो आज लगे शहद-सा मीठा,कल पीड़ा बन जाएगा,
छल का बीज जहाँ भी बोया,दुख़ का फ़ल ही आएगा।
अच्छे इंसान की कड़वी बातें,भले बुरी लग जाएँ,
पर उनके पीछे छिपी सीख़,जीवन की राह दिखाएँ।
जो सच आज़ चुभता काँटे-सा,कल मरहम बन जाता है,
सच्चाई का कड़वा घूँट,जीवन सफल बनाता है।
हर मीठी बोली प्रेम नहीं,हर कटु वचन अपमान नहीं,
शब्दों के बाहरी रूप से,होता इंसान का ज्ञान नहीं।
पहचान उसी की करना जो,संकट में साथ निभाए,
जो हित के लिए सच बोले,भले मन को समझाए।
मधुर वचन में छिपा कपट,रिश्तों को डस जाता है,
सच्चा हितैषी कड़वा बोले,फिर भी राह दिखाता है।
एक झूठा दिल को बहलाकर,विश्वास तोड़ जाता है,
एक सच्चा सच का दीप जलाकर,अँधियारा मिटाता है।
इस जीवन में शब्द नहीं,इंसान के कर्म परखना,
चेहरे की मुस्कान नहीं,उसके अंतर्मन को पढ़ना।
किशन जो सच कहकर सँवार दे,उसको अपना मानना,
मीठे झूठ से बेहतर है,कड़वे सच को पहचानना।

