कर्म की राह पर चलने वालों का,उपहास मत करना,
समय की खामोशी को उनकी हार मत समझना
बीज बोने के बाद फल आने में वक्त जरूर लगता है,
प्रकृति के न्याय पर संदेह करके विश्वास कम मत करना।
हर कर्म अपनी कहानी वक्त के पन्नों पर लिखता है,
कोई अच्छा तो कोई बुरा,हर बीज अपना फल रखता है,
आज भले ही परिणाम की तस्वीर धुंधली नजर आए,
वक्त आने पर हर इंसान अपने कर्मों का फल चखता है।
न किसी की अच्छाई कभी व्यर्थ चली जाती है,
न किसी की बुराई हमेशा पर्दों में छिप पाती है,
वक्त की अदालत में गवाहों की जरूरत नहीं पड़ती,
कर्मों की गूंज एक दिन खुद गवाही बनकर आती है।
अहंकार में डूबकर किसी का दिल मत दुखाना,
अपनी ताकत के मद में किसी को कमजोर मत बताना,
आज तुम्हारे हाथों में है सत्ता, सफलता और अधिकार,
कल कर्मों का आईना दिखाएगा तुम्हारा असली किरदार।
इसलिए कर्मों की राह में सच्चाई का दीप जलाते रहो,
मुश्किलों के तूफानों में भी अपने कदम बढ़ाते रहो,
किशन परिणाम देर से मिले तो कभी निराश मत होना,
कर्म समय ले सकता है,अपना हिसाब नहीं भूलता!

