झूठ को झूठ कहने का साहस जिनमें नहीं होता,
सच के साथ खड़े होने का हौसला उनमें नहीं होता,
जो खामोशी को समझदारी का नाम देकर बिक जाते हैं,
वे ईमानदार नहीं,बस ज़मीर से समझौता कर जाते हैं।
सच की राह में अक्सर विरोधों के तूफ़ान मिलते हैं,
ईमान के हर मोड़ पर इम्तिहान हज़ार मिलते हैं,
मगर जो झूठ के आगे अपना सिर झुका देते हैं,
वे अपने ही ज़मीर को चंद सिक्कों में लुटा देते हैं।
कलम की ताकत का मतलब केवल लिखना नहीं होता,
अन्याय देखकर चुप रहना भी ईमानदारी नहीं होता,
जो सच जानते हुए भी झूठ के पक्ष में खड़े रहते हैं,
वे इतिहास में नहीं, अपने ज़मीर की नज़रों में गिरते हैं।
चेहरे पर सच्चाई और दिल में सौदेबाज़ी नहीं चलती,
ज़मीर की अदालत में कोई झूठी गवाही नहीं चलती,
दुनिया की वाहवाही के लिए सच को दबाने वालों,
बिके हुए किरदारों की कभी ऊँचाई नहीं चलती।
झूठ के दरबार में सच की आवाज़ बनकर देखो,
अपने ज़मीर की खातिर हर अंजाम सहकर देखो,
किशन ईमानदारी केवल सच बोलने का नाम नहीं,
झूठ के सामने डट जाना इंसानियत है,समझकर देखो।

