
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या , अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष एम रमेश बाबू को सनातन धर्म के सर्वश्रेष्ठ सम्मान हिन्दू रत्न सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा की है। एम रमेश बाबू की सनातन धर्म, सनातन जन, सनातन संस्कृति की रक्षा के साथ साथ श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण में अविस्मरणीय भूमिका का निर्वहन करने तथा हिन्दू राष्ट्र निर्माण और रामराज्य स्थापना संकल्प आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें हिन्दू रत्न सम्मान से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय मंत्री अधिवक्ता राकेश दत्त मिश्र ने आज जारी बयान में दी।
अयोध्या में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय मंत्री अधिवक्ता राकेश दत्त मिश्र ने पत्रकारों को बताया कि हिन्दू महासभा तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष रमेश बाबू के नेतृत्व में गत 13 वर्षों से चेन्नई से अयोध्या धाम हनुमान गढ़ी तक श्री हनुमान छतरी यात्रा निकाली जा रही है, जो सनातन धर्म में मील का पत्थर के रूप में स्थापित हो चुका है। छतरी यात्रा का आरंभिक उद्देश्य श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण था। हिन्दू महासभा द्वारा सर्वोच्च न्यायालय के न्यायिक आदेश से मंदिर निर्माण का पांच दशक पुराना स्वप्न साकार करने में सफलता अर्जित करने के बाद छतरी यात्रा का उद्देश्य हिन्दू राष्ट्र निर्माण और रामराज्य स्थापना घोषित किया गया। 22 फरवरी को त्रिवेणी संगम का पवित्र जल कन्याकुमारी की पवित्र नदी में विसर्जित करते हुए कन्याकुमारी में हिन्दू राष्ट्र निर्माण और रामराज्य स्थापना का संकल्प दोहराया जाएगा।
अधिवक्ता राकेश दत्त मिश्र के अनुसार कन्याकुमारी कार्यक्रम को संपन्न करवाने के लिए हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर यशपाल सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितिन उपाध्याय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी रामचंद्र मूर्ति, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भीष्म प्रताप वर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वामी श्यामानंद गिरी जी महाराज, राष्ट्रीय महामंत्री महामंडलेश्वर ललितानंद जी महाराज (जूना अखाड़ा), राष्ट्रीय संगठन मंत्री पवन शर्मा , राष्ट्रीय मंत्री अधिवक्ता राकेश दत्त मिश्र, राष्ट्रीय प्रवक्ता मदन लाल गुप्ता, विधि परामर्शदाता अधिवक्ता अनंत शर्मा, राष्ट्रीय धर्माचार्य प्रमुख महामंडलेश्वर मंगलानंद जी महाराज (जूना अखाड़ा), उत्तराखंड अध्यक्ष रमेश चंद्र पुनेठा, प्रवासी नेपाली सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश ध्वज बासनेट सहित अनेक पदाधिकारी त्रिवेणी संगम प्रयागराज के पवित्र जल के साथ नई दिल्ली से 20 फरवरी को वायुयान से चेन्नई पहुंचेंगे। 21 फरवरी को चेन्नई में एक समारोह में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी एम रमेश बाबू को हिन्दू रत्न सम्मान स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र के साथ अंगवस्त्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित करेंगे।
अधिवक्ता मिश्र ने बताया कि हिन्दू रत्न सम्मान समारोह संपन्न होने के तत्काल बाद हिन्दू महासभा के उत्तर भारत और दक्षिण भारत के कार्यकर्ता चेन्नई से पवित्र जल यात्रा आरम्भ कर कन्याकुमारी के लिए प्रस्थान करेंगे। कन्याकुमारी में वहां की पवित्र नदी में त्रिवेणी संगम का पवित्र जल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ समर्पित कर अखण्ड भारत हिन्दू राष्ट्र निर्माण और रामराज्य स्थापना के साथ देश की एकता , अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया जाएगा।