गो हत्या बंद न होने से नाराज है संत

महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या –प्रख्यात कथा वाचक आचार्य डॉ चन्द्राशु जी महाराज ने गोहत्या पर रोक न लग पाने को लेकर केंद्र सरकार पर नाराजगी जताई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान समय में गो रक्षा की बात उठाने वालों को प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।
अयोध्या जनपद के भदौली में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि गो रक्षा को लेकर जनता ने जिन पर भरोसा किया, उनसे अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सरकार में संतों और गायों पर गोली चलने की घटनाएं हुईं, जिससे गो संरक्षण आंदोलन को आघात पहुंचा। वहीं मुलायम सिंह यादव का नाम लेते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों पर गोली चलवाने की बात संसद में गर्व के साथ कही गई थी।
डॉ चन्द्राशु जी महाराज ने कहा कि हिंदू समाज को भारतीय जनता पार्टी से काफी उम्मीदें थीं। उनका कहना था कि केंद्र में लगातार दस वर्षों तक बहुमत की सरकार रहने के बावजूद गोहत्या बंद कराने की दिशा में ठोस कदम नजर नहीं आए। गो हत्या एक गंभीर विषय बनता जा रहा है।
उन्होंने क्षोभ व्यक्त करते हुए कहा, “जब हर ओर से निराशा मिल रही है तो गो रक्षा की उम्मीद अब किससे करें?”