62 करोड़ खर्च पर उठाए सवाल, बोलीं—यह भ्रष्टाचार और नैतिक पतन का प्रतीक
चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘शीश महल’ से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब सच्चाई छिपाई नहीं जा सकती और जो बातें वर्षों से पर्दे के पीछे थीं, वे जनता के सामने आ चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आम आदमी’ के नाम पर सत्ता में आए लोगों ने जनता के पैसे से अपने लिए शाही महल तैयार किया। उनके अनुसार, ‘शीश महल’ केवल एक इमारत नहीं बल्कि भ्रष्टाचार, अहंकार और जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात का प्रतीक है।
सीएम रेखा गुप्ता ने वीडियो में दिख रहे दृश्यों का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर विलासिता की सभी सीमाएं पार की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं ने सादगी का दावा किया, उन्होंने ही जनता के पैसों से ऐशो-आराम की दुनिया खड़ी की, जिसमें आम लोगों के लिए कोई जगह नहीं थी।
उन्होंने ‘शीश महल’ परियोजना की लागत पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, शुरुआती तौर पर करीब 8 करोड़ रुपये की परियोजना बढ़कर 62 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जो गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की ओर संकेत करती है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भवन में 50 एसी, महंगे इंटीरियर, विदेशी कॉफी मशीनें, हाई-एंड उपकरण और अन्य लग्जरी सुविधाएं लगाई गईं, साथ ही कई निजी कंसल्टेंट्स की नियुक्ति से लागत और बढ़ी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब दिल्ली की जनता महामारी और आर्थिक संकट से जूझ रही थी, उस समय पूर्व सरकार के लोग अपने लिए ‘वर्ल्ड क्लास’ इंटीरियर तैयार कराने में व्यस्त थे। उन्होंने इसे दिल्ली के इतिहास में भ्रष्टाचार का काला अध्याय बताया।
जनता से वीडियो देखने की अपील
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे वीडियो देखकर खुद सच्चाई का आकलन करें। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनके पैसे का उपयोग कैसे किया गया।
कड़ी कार्रवाई का भरोसा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है और लोक लेखा समिति (पीएसी) के माध्यम से विस्तृत जांच कराई जा रही है। सरकार हर पैसे का हिसाब देगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
