विधायक व जिलाध्यक्ष ने किया अख्तियारपुर स्वागत स्थल का निरीक्षण

महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। प्रदेश अध्यक्ष के आगामी 12 जनवरी को जिले में प्रथम आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं। जिले की सीमा से लेकर श्रृंगारहाट–हनुमानगढ़ी मार्ग तक लगभग दो दर्जन स्वागत स्थल बनाए गए हैं। इन स्वागत स्थलों की जिम्मेदारी पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को सौंपी गई है, ताकि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित रूप दिया जा सके।
जिले की सीमा रामसनेही घाट पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक रामचन्द्र यादव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह एवं जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार, बैनर-पोस्टर और पुष्पवर्षा की तैयारियां की जा रही हैं।
स्वागत तैयारियों को लेकर अख्तियारपुर स्थित स्वागत स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विधायक रामचन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का अयोध्या आगमन संगठन के लिए प्रेरणादायक है और इससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह संचारित होगा।
जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरे अनुशासन और समर्पण के साथ स्वागत की तैयारियों में लगे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर अयोध्या की संगठनात्मक एकजुटता और शक्ति का प्रभावी प्रदर्शन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।