महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या में 28 मार्च, से 30 मार्च तक ग्राम्य विकास विभाग द्वारा सरस मेले का वृहद आयोजन किया जाना है। इसके साथ ही अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार हेतु “साकेत संध्या” का शुभारम्भ भी सरस मेले में की जानी है।
इस मेले का आयोजन राम की पैड़ी पर किया जाएगा, जहां श्रद्धा, संस्कृति और ग्रामीण विकास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
इस मेले में मण्डल के समस्त जनपदों से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विकी तथा ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं की प्रदर्शनी लगायी जायेगी। इसमें मण्डल के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा ग्रामीण परिवेश में तैयार किये जा रहे उत्पादों के प्रचार-प्रसार व विकी हेतु एक वैश्विक मंच प्रदान किया जा सकेगा।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को एक नई पहचान मिलेगी। समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की बिकी से उनकी आय एवं आत्मविश्वास में वृद्धि के साथ-साथ आजीविका संवर्धन के नवीन अवसरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।
अतः सभी जनपदों से अनुरोध किया गया है कि उनके जनपद के उत्कृष्ट उत्पाद वाले कम से कम एक स्वयं सहायता समूह को दिनांक- 28 मार्च, 2026 से 30 मार्च, 2026 तक आयोजित होने वाले ग्राम्य विकास विभाग द्वारा आयोजित मण्डलीय सरस मेले में प्रतिभाग करने हेतु नामित किया जाए तथा उक्त स्वयं सहायता समूह का नाम, पता एवं उनके द्वारा विकय किये जाने वाले उत्पादों की सूची प्रेषित की जाए।