सारिमुल लस्कर,शिलचर, 20 जनवरी – असम-मेघालय सीमा पर कछाड़ जिले के पश्चिम काटिगड़ा इलाके में स्थित कालाइन छड़ा पुलिस नाका चेक गेट पर गुमड़ा पुलिस ने एक बार फिर तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एक शानदार लग्जरी पैसेंजर वाहन से भारी मात्रा में अवैध बर्मीज सिगरेट बरामद की गईं, साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार किया आरोपी हैं – क्लिबाशन लामारोंग और डिसफुल शिम्पाल, दोनों मेघालय राज्य के निवासी। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को ये दोनों AS-01F-A-3478 नंबर वाली लग्जरी यात्री कार में बर्मीज सिगरेट भरकर नेशनल हाईवे 6 से कछाड़ होते हुए मेघालय की ओर ले जा रहे थे।
कालाइनछड़ा चेक गेट पर पहुंचते ही ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों ने रूटीन चेकिंग के दौरान वाहन की तलाशी ली। जांच में कई कार्टन बर्मीज सिगरेट मिले।
तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए कस्टडी में रखा।
वाहन से कुल लगभग 400 पैकेट बर्मीज सिगरेट जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत कई लाख रुपये है।
जब्त की गई सिगरेट और लग्जरी वाहन दोनों अभी गुमड़ा पुलिस की गिरफ्त में हैं।
प्रतिवेदन लिखे जाने तक दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में ही हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में कालाइनछड़ा क्षेत्र में इसी तरह की कई सफल कार्रवाइयां हो चुकी हैं,
जहां ट्रक, कंटेनर और लग्जरी वाहनों से बर्मीज सिगरेट बरामद हो रही हैं।अवैध बर्मीज सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ कछाड़ पुलिस की मुहिम लगातार तेज है, लेकिन तस्कर चालाकी से गुप्त कमरे बनाकर या लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल कर पकड़े जाने से बचने की कोशिश करते हैं। फिर भी पुलिस सतर्क है और एक के बाद एक सफलता हासिल कर रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक द्रव्यों और अवैध तस्करी के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा और ऐसे कारोबारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने की दिशा में पुलिस की मजबूत इच्छाशक्ति को दिखाती है।