सारिमूल हक लस्कर ,शिलचर, 17 जनवरी – असम के कछार जिले के भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे पश्चिम कटिगड़ा क्षेत्र के निश्चिन्तपुर गांव में एक 25 वर्षीय युवक की रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
शनिवार सुबह एक धान के खेत में मिली ताजा लाश ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है।
मृतक की पहचान जमरुल इस्लाम मजूमदार के रूप में हुई है,जो इसी गांव का निवासी था।
सूत्रों के अनुसार, जमरुल कुछ दिनों पहले मेघालय में काम करने गया था और शुक्रवार शाम को घर लौटने वाला था। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। रात 11 बजे तक परिवार से फोन पर बात हुई, उसके बाद उसका मोबाइल सुईच ऑफ हो गया।
परिवारवालों ने शनिवार सुबह खोजबीन शुरू की तो घर से थोड़ी दूरी पर खेत में उसका शव मिला। सबसे चौंकाने वाली बात यह कि मृतक के पास से एक ही गांव के नूरुल इस्लाम का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कालाईन थाने के अंतर्गत गुमड़ा पुलिस जांच केंद्र के प्रभारी प्रणब मिली के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर कछार जिले के पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास, अतिरिक्त एसपी सुब्रत सेन, कार्यकारी मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ कुमार भी पहुंचे।
प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
पुलिस ने नूरुल इस्लाम को हिरासत में ले लिया है और वह अभी पुलिस कस्टडी में है।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि यह पूर्व नियोजित हत्या है और उन्होंने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
गांववाले सीमा क्षेत्र में ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करने की बात कह रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि यह सुनियोजित हत्या है।हालांकि कुछ स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि युवक नशा करता था और शायद नशे की वजह से मौत हुई हो।
लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण और रहस्य सामने आएगा।
पूरे इलाके में इस घटना से तनाव का माहौल है।
पुलिस जांच जारी रखे हुए है और लोगों ने न्याय की मांग की है। क्या यह हत्या का मामला है या कोई और राज? जांच के नतीजे का इंतजार है।