आशा कभी गलत नहीं होती,उम्मीद का द्वार सही होना
विश्वास कभी गलत नहीं होता,विश्वासपात्र सच्चा होना
दिल से निकली उम्मीद में अक्सर उजाला छिपा होता है,
उसे समझने वाला अपना और निभाने वाला सच्चा होना
आशा रखो उन रिश्तों से,जो आँधियों में साथ निभाते हैं
विश्वास करो उन हाथों पर,जो गिरकर भी हमें उठाते हैं,
हर मुस्कान के पीछे सच्चाई हो,यह जरूरी तो नहीं,
कुछ चेहरे पास रहकर भी दिल से बहुत दूर हो जाते हैं।
जहाँ आशा हो,वहाँ सपनों को पंख मिल जाते हैं,
जहाँ विश्वास हो,वहाँ रिश्ते उम्रभर खिल जाते हैं,
मगर गलत इंसान से उम्मीद जब दिल लगा बैठती है,
अपने ही सपने कभी-कभी आँखों में ही बिखर जाते हैं।
इसलिए आशा रखो,मगर विवेक को साथ लेकर चलना,
विश्वास करो,मगर समय की कसौटी पर रिश्ते परखना,
हर मीठी बात को सच्चाई समझ लेना समझदारी नहीं,
दिल साफ़ रखो,मगर आँखें खुली रखकर चलना।
आशा जीवन की लौ है,विश्वास उसका उजियारा है,
सच्चे रिश्तों में ही दोनों का सबसे सुंदर नजारा है,
किशन किससे उम्मीद रखनी हैकिस पर विश्वास करना है
जीवन का सबसे बड़ा अनुभव और अनमोल सहारा है



