
चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
मकनपुर: स्मार्ट संस्था के सहयोग से “सेहत सही लाभ कई” कार्यक्रम के तहत मकनपुर गांव में स्थित आरोग्य मंदिर ने स्वास्थ्य सेवाओं का एक नया आयाम प्रस्तुत किया है। इस दौरान आरोग्य मंदिर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्मृति शर्मा ने सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, आभा कार्ड और आयुष्मान भारत योजना के लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
भारत सरकार के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस कार्यक्रम में आरोग्य मंदिर में दी जा रही सुविधाएं अत्यंत व्यापक और लाभकारी हैं। इनमें प्रमुख सेवाएं शामिल हैं:
- स्वास्थ्य जांच और परामर्श: रक्तचाप, शुगर, कोलेस्ट्रॉल जांच एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श।
- स्वास्थ्य शिक्षा: पोषण, व्यायाम, मानसिक स्वास्थ्य पर शिक्षा व कार्यशालाएं।
- रोग निदान और उपचार: सामान्य बीमारियों का निदान और इलाज, दवाओं की व्यवस्था।
- स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम: टीकाकरण, स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अभियान।
- समुदाय समर्थन: स्वस्थ जीवनशैली के लिए समूह चर्चा और सहयोग।
- योग और आयुष सेवाएं: शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योगाभ्यास और आयुष सेवाएं।
- टेली-परामर्श: दूरस्थ इलाकों में रहने वालों के लिए ऑनलाइन स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा।
- प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं: गर्भावस्था, प्रसव, बाल स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य जैसी सेवाओं का वितरण।
डॉ. स्मृति शर्मा ने एक वर्ष से सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो के साथ मिलकर “सेहत सही लाभ कई” कार्यक्रम में भागीदारी के अनुभव साझा किए। उन्होंने विशेष रूप से ओ आर इस डे, नवजात शिशु स्वास्थ्य, शिशु सुरक्षा सप्ताह, और स्वस्थ नारी सशक्त समाज जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के लिए धन्यवाद दिया।
साथ ही, डॉ. स्मृति ने मकनपुर गांव स्थित आरोग्य मंदिर और सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो को एक प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया, जिसमें इन दोनों संस्थाओं के सहयोग से क्षेत्र के स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की गई।
यह पहल न केवल मकनपुर गांव के लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद कर रही है, बल्कि पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता और उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।