
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत भ्रमण पर निकले महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी का अवधपुरी कॉलोनी के नागरिकों ने पार्षद सौरभ सूर्यवंशी की अगुवाई में स्वागत किया। स्वागत की औपचारिकता के बाद नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार एवं नगर निगम की टीम के साथ लगभग दो घंटे भ्रमण चला। इस दौरान लोगों से जनसमस्याएं जानी और निदान का भरोसा दिया।
महापौर सुबह लगभग 8:00 बजे अमानीगंज स्थित जलकर कार्यालय के सामने पहुंचे और अवधपुरी वार्ड में भ्रम शुरू किया। उनके साथ पार्षद सौरभ सूर्यवंशी के अलावा अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ एवं भारत भार्गव, पूर्व पार्षद अशोका द्विवेदी, भाजपा के मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष आलोक द्विवेदी एवं पूर्व नगर अध्यक्ष मुरारी सहाय सिन्हा भी थे। सामुदायिक केंद्र के निकट नाला खुला देखकर महापौर ने ढंकवाने का निर्देश दिया। कॉलोनी में प्रवेश करते ही लोगों ने महताबबाग के नाम से संचालित शराब की दुकान हटवाने की मांग की। महापौर ने संबंधित विभाग को पत्राचार करने का भरोसा दिया। सुमन मौर्य ने महापौर को बताया कि उनके घर के आसपास पांच घरों की सीवर लाइन अभी तक नहीं जोड़ी गई है। महापौर ने जलकर विभाग को जांच कर सीवर लाइन जोड़वाने का निर्देश दिया।
भाजपा बूथ अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा ने कॉलोनी की खाली पड़ी जमीन पर पार्क बनवाने की मांग की। महापौर ने इसके लिए अवर अभियंता को स्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया। स्थानीय लोगों की मांग पर नगर आयुक्त ने पुरानी ट्यूबवेल के पास स्थित शौचालय को खोलने तथा खाली पड़ी जमीन पर गेट लगवाने एवं पार्क बनवाने का वादा किया। निरीक्षण के दौरान कई जगह नाली पर पत्थर की कमी देखकर महापौर ने आवश्यकतानुसार पत्थर रखवाने, स्लोप को बराबर कराने का निर्देश दिया। कॉलोनी स्थित पार्कों में बनाए गए पथ-वे के बीच मिट्टी भर कर बराबर करवाने तथा पेड़ों की छंटाई का वादा किया। इस दौरान योगाचार्य पार्क के सामने नीरज शुक्ल ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने जिम पार्क एवं बेल पार्क को हरा-भरा बनाने में जन सहयोग मांगा।
उन्होंने जालपा मंदिर के पास गड्ढा पाटने का निर्देश दिया। काली माता मंदिर के सामने सड़क पर सीवर क्षतिग्रस्त देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल उसे सही करने का निर्देश दिया। परिक्रमा मार्ग को जोड़ने वाले कच्चा मार्ग पर पैदल चलकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सफाई कर्मी मुस्तैद नजर आए और एंटी लार्वा का छिड़काव भी हो रहा था। इस दौरान कई जगह सड़क एवं नाली की सफाई, मरम्मत आदि समस्याएं आईं, जिसके निदान का महापौर ने भरोसा दिया।
अवधपुरी कॉलोनी में लोगों ने बातचीत के दौरान नगर निगम की पेयजल व्यवस्था की सराहना की। कर्मचारी नेता ओपी सिंह एवं अन्य ने बताया कि तीसरी मंजिल तक बिना मोटर चलाए टंकी में पानी आसानी से भर जाता है और 24 घंटे पानी भी उपलब्ध रहता है। इस दौरान संतोष गौड़, भाजपा मंडल महामंत्री प्रांशु अग्रवाल, शक्ति केंद्र संयोजक दीपक पांडे, अनीता द्विवेदी, विजयलक्ष्मी सिंह, राम गरीब सोनकर, राजू रामलाल, जितेश सोनकर, नीलेश्वर पांडे, जगदीश चतुर्वेदी, श्रीकांत सिंह, सुनील मिश्र आदि मौजूद रहे। सभी ने महापौर का स्वागत किया और उन्हें समस्याओं से परिचित कराया।
रैली निकाल बताया गीला-सूखा कूड़ा अलग करने का तरीका
-भ्रमण के दौरान स्वच्छता मिशन के तहत रैली निकाली गई। रैली में वाद्य यंत्रों के साथ बैनर लिए निगम कर्मियों ने सूखा और गीला को कूड़ा अलग रखने के तरीके बताए। इसके तहत लोगों को अलग-अलग रंग के कूड़ादान तथा उसकी उपयोगिता की जानकारी दी गई।