पेज 3 न्यूज़
नई दिल्ली। वन्यजीवों से प्यार करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) ने एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) के प्रकोप के बाद लगभग 70 दिन बंद होने के बाद आगंतुकों के लिए दोबारा खोलने की घोषणा की है। चिड़ियाघर प्रबंधन ने शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा कि 8 नवंबर से सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आम लोगों के लिए प्रवेश खोल दिया जाएगा। 28 अगस्त 2025 को जलीय पक्षीशाला में एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस का पहला सकारात्मक मामला सामने आने के बाद प्राधिकारियों के निर्देश पर चिड़ियाघर को 30 अगस्त 2025 से पूरी तरह बंद कर दिया गया था।
चिड़ियाघर निदेशक डॉ. संजीत कुमार ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी से फाइनल अप्रूवल मिलने के बाद ही फिर से चिड़ियाघर कर आम लोगों के लिए खोलने का फैसला लिया गया है। चिड़ियाघर खुलने के बाद भी सामान्य सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू रहेंगे। इसमें बाहरी क्षेत्रों में भी मास्क अनिवार्य होगा। थर्मल स्क्रीनिंग और हैंड सैनिटाइजेशन होगा। पक्षीशाला क्षेत्र में सीमित प्रवेश मिलेगा। ऑनलाइन टिकट बुकिंग को प्राथमिकता दी जाएगी। निदेशक ने कहा कि हम अपने बहुमूल्य वन्य जीवों के स्वास्थ्य, आगंतुकों की सुरक्षा और कर्मचारियों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि मत्स्य पालन, पशुपालन व डेयरी मंत्रालय के एवियन इन्फ्लूएंजा की तैयारी, नियंत्रण और रोकथाम हेतु की गई कार्रवाई (संशोधित 2021) के अध्याय 6 के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया गया। इसमें हर 15 दिन में 4 बार सैंपलिंग हुई। इसमें सकारात्मक मामले के बाद कुल चार चरणों में नमूने लिए गए। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज भोपाल की रिपोर्ट में सभी नमूने नकारात्मक पाए गए। साथ ही, पूरे परिसर में कीटाणुनाशक छिड़काव, पक्षियों का अलगाव और कर्मचारियों की नियमित जांच की गई।
वक्त कभी किसी का सगा नहीं
वक्त का पहिया कैसे करवट बदल लेता है - हम खुद अपने ही पुराने और आज के वक्त का विश्लेषण...
