चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली स्टडी ग्रुप के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विजय जौली ने नई दिल्ली में चीनी दूतावास के राजनीतिक काउंसलर ली लियांगहुआ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने चीनी राजनयिक को अयोध्या श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति सप्रेम भेंट की और भारत-चीन के बीच सांस्कृतिक मैत्री एवं आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
डॉ. जौली ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच पिछले वर्षों में हुई तीन द्विपक्षीय बैठकों का उल्लेख किया। इनमें अक्टूबर 2024 में रूस के कजान, अगस्त 2025 में चीन के तियानजिन और सितंबर 2026 में नई दिल्ली में हुई बैठकें शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और चीन प्राचीन एवं समृद्ध सभ्यतागत विरासत वाले विशाल पड़ोसी देश हैं। दोनों देशों को आपसी मैत्री, विश्वास, समझ और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। इससे दोनों देशों के नागरिकों के हितों के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति, सद्भाव और स्थिरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर डॉ. जौली ने चीनी काउंसलर को केसरिया अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही अयोध्या राम मंदिर में 156 देशों की नदियों एवं समुद्रों के जल से हुए जलाभिषेक पर प्रकाशित रंगीन पुस्तिका भी भेंट की।
डॉ. जौली ने इस मुलाकात को अंतरराष्ट्रीय मैत्री, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और जन-स्तर पर आपसी संपर्क बढ़ाने की दिशा में दिल्ली स्टडी ग्रुप की प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया।
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली स्टडी ग्रुप की ओर से श्रीलंका उच्चायोग में ‘राजनयिकों संग दीवाली’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें 73 देशों के 140 राजनयिकों ने मिट्टी के दीप जलाकर उत्सव में भाग लिया था।

