जब समय पुकारे,कर्तव्य निभाने को तैयार रहना,
अपने सामर्थ्य से हर चुनौती का सामना करना,
न प्रशंसा की चाह रखना,न निंदा से घबराना,
कर्म की पवित्र राह पर निष्ठा से बढ़ते जाना।
योग्यता का अर्थ केवल अपनी पहचान बनाना नहीं,
बल्कि कठिन समय में दायित्वों से मुँह चुराना नहीं,
जहाँ आवश्यकता हो,वहाँ अपना योगदान देना,
अपने पुरुषार्थ से जनहित का दीप प्रज्वलित करना।
जो आलोचनाओं के शोर में भी विवेक नहीं खोते,
जो प्रशंसा के मोह में अपने कर्तव्य नहीं छोड़ते,
वही धैर्य और साहस से इतिहास रच जाते हैं,
अपने निष्काम कर्म से लाखों दिलों में बस जाते हैं।
न पद का अभिमान हो,न प्रतिष्ठा का मोह हो,
न निर्णयों में भय हो,न विचारों में द्रोह हो,
जहाँ सत्य और कर्तव्य का पावन संगम होता है,
वहीं कर्मयोगी के व्यक्तित्व का वास्तविक उदय होता है।
समय की माँग पर जो अपना सर्वस्व लगा देते हैं,
विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्य निभा देते हैं,
किशन प्रशंसा और निंदा से ऊपर उठकर कर्म करते हैं,
वही सच्चे कर्मयोगी बनकर जीवन को सार्थक करते हैं।

