परेशानियों पर सोचने से,मुश्किलें कम नहीं होतीं,
केवल चिंता की आँधियों से,राहें कभी नहीं खुलतीं।
हौसलों को दिशा देकर,समाधान तलाशना सीखिए,
हर उलझी हुई परिस्थिति में,नई राह निकालना सीखिए।
आँसुओं में ऊर्जा बहाकर,सपनों को मत हारने दो,
निराशा के अंधकार को,मन में कभी न उतारने दो।
जो वक्त की चुनौती से,टकराने का हुनर रखते हैं,
वही पत्थरों के सीने में भी,रास्ते बनाने का दम रखते हैं।
समस्याओं का शोर नहीं,समाधान की आवाज़ बनो,
टूटती हुई उम्मीदों में,नए विश्वास का आगाज़ बनो।
हर कठिन सवाल का उत्तर,धैर्य से तलाशते चलो,
गिरती हुई परिस्थितियों में भी, आगे बढ़ते चलो।
शिकायतों से कभी किसी की,तकदीर नहीं बदलती है,
मेहनत की सच्ची कोशिश से,हर मंज़िल मिलती है।
जो अपनी ऊर्जा को कर्मों की ताकत बना लेते हैं,
वही बंद दरवाज़ों में भी, संभावनाएँ खोज लेते हैं।
न परेशानियों से घबराओ,न हालातों से हार मानो,
अपने भीतर छिपी शक्ति को,सबसे बड़ी पहचान मानो।
किशन रोने में नहीं,राह बनाने में अपनी ऊर्जा लगाइए,
समाधानों के दीप जलाकर,जीवन को सफल बनाइए।

