लोकलाज के भय में अपने सपनों को मत बाँधो,
दूजों की आलोचना से अपने हौसलों को मत साधो।
सामर्थ्य मिला है तो उसे कर्मों में ढालना सीखो,
दुनियाँ की परवाह छोड़, स्वयं को पहचानना सीखो।
लोगों का काम है कहना,तुम अपना काम करते रहना,
आलोचनाओं के तूफ़ानों मेंभी दीपक बनकर जलते रहना
जो हर आवाज़ से डरकर अपनी राह बदल जाता है,
वह मंज़िल के करीब आकर भी पीछे रह जाता है।
नज़रों के डर से कभी व्यक्तित्व को छोटा मत करना,
दूसरों की सोच के आगे अपने विवेक को मत झुकाना।
कर्तव्य की पुकार को अनसुना करना उचित नहीं,
सामर्थ्य होते हुए रुक जाना स्वयं से न्याय नहीं।
इतिहास उन्हीं का लिखता है समय सुनहरा नाम,
जो आलोचनाओं से ऊपर रखते हैं अपने काम।
ठोकरों से सीखकर जो नई राह बनाते हैं,
वही अपने आत्मविश्वास से शिखर तक जाते हैं।
न लोकलाज की बेड़ी हो,न आलोचना का पहरा हो,
अपने संकल्पों के आगे हर संशय का अँधेरा हारा हो।
किशन सामर्थ्य को कर्म बनाना ही जीवन का सम्मान है,
स्वयं पर विश्वास रखना ही कर्तव्य का सच्चा मान है।


