मिट्टी के दीपक का जीवन,हमें बड़ा संदेश सिखाता है,
खुद अंधेरों से लड़कर,दूसरों के पथ को चमकाता है।
न कोई स्वार्थ,न कोई अपेक्षा,बस रोशनी बाँटता जाता है,
अपना अस्तित्व मिटाकर भी,जग में उजियारा फैलाता है।
काश! इंसान भी दीपक जैसा,अपना जीवन ढाल ले,
दूसरों के दुःख हरने का, अपने मन में ख्याल ले।
राह में बन जाए रोशनी,किसी का सहारा बन जाए
छोटे-छोटे सत्कर्मों से, किसी के जीवन में सवेरा लाए।
जो केवल अपने लिए जिए,वह जीवन क्या कहलाता है,
जो परहित में जलता है, वही इतिहास बनाता है।
दौलत से महल सजते हैं,मगर दिल सेवा से सजते हैं,
दूसरों के चेहरे पर मुस्कान हो,अपने सपने भी सँवरते हैं।
नफरत के घने अंधेरों में,प्रेम का दीप जलाना सीखो,
टूटे हुए दिलों को जोड़कर,इंसानियत निभाना सीखो।
किसी की पीड़ा देखकर,अनदेखा करके मत गुजर जाना,
खुद की खुशियों से पहले,किसी और का दर्द मिटाना।
अगर हर इंसान अपने भीतर,परोपकार की लौ जला ले,
स्वार्थ,अहंकार,नफरत को,अपने मन से निकाल दे।
किशन धरती का हर कोना,प्रेम सद्भाव से महक जाएगा,
यह संसार एक दिन, स्वर्ग से कम नहीं,बन जाएगा।

