चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता पर कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष से माफी की मांग, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा समेत 200 कार्यकर्ता हिरासत में
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पटना में एक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में दिल्ली भाजपा ने रविवार को उनके आवास के निकट जोरदार प्रदर्शन किया। राजाजी मार्ग स्थित खड़गे के आवास की ओर बढ़ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सेना भवन के पास रोक दिया। इसके बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, राजेश भाटिया और मोहनलाल गिहारा सहित करीब 200 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पांच बसों से मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया।
प्रदर्शन में दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व और प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे की मौजूदगी में पूर्वांचल, युवा एवं ओबीसी मोर्चा के करीब 2,000 कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ता सेना भवन के पास एकत्र हुए, जहां पार्टी नेताओं ने उन्हें संबोधित किया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए खड़गे के आवास की ओर मार्च शुरू किया गया। पुलिस ने कुशक रोड मोड़ पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। कुछ कार्यकर्ताओं के बैरिकेड पार करने के बाद पुलिस बल ने सेना भवन के निकट उन्हें रोक लिया।

‘खड़गे प्रधानमंत्री से माफी मांगें’ : हर्ष मल्होत्रा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के वरिष्ठ नेता नहीं, बल्कि भारत के प्रधानमंत्री और विश्व के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया है। मल्होत्रा ने खड़गे से अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगने की मांग की।
मल्होत्रा ने कांग्रेस नेतृत्व पर चुनावी हार के बाद राजनीतिक हताशा में विरोध-प्रदर्शनों के जरिए माहौल बिगाड़ने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं और कानून का सम्मान करना चाहिए। उनके मुताबिक, दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर किए जा रहे प्रदर्शनों से सामान्य जनजीवन और व्यापार प्रभावित होने की आशंका रहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस कथित अपमान को स्वीकार नहीं करेगी। जब तक खड़गे माफी नहीं मांगते, पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। मल्होत्रा ने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस अध्यक्ष सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करेंगे, वहां भाजपा कार्यकर्ता उनसे जवाब मांगेंगे।
‘प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ : विनय सहस्त्रबुद्धे
दिल्ली भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने प्रदर्शन को जनता के आक्रोश और भावनाओं की अभिव्यक्ति बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान व्यक्त करना देश के व्यापक जनभाव से जुड़ा विषय है।
सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि साधारण परिवार से आने वाले व्यक्ति के लिए देश के सर्वोच्च कार्यकारी पद तक पहुंचने का सफर कठिन होता है और इसमें माता-पिता का योगदान महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कांग्रेस पर वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता ने सत्ता को किसी परिवार की विरासत मानने की सोच को स्वीकार नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की कथित टिप्पणी देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष के पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है। सहस्त्रबुद्धे ने नारा दिया, “प्रधानमंत्री जी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।”
भाजपा नेताओं ने भी उठाई माफी की मांग
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजेश भाटिया ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर टिप्पणी करके कांग्रेस अध्यक्ष ने व्यक्तिगत आक्षेपों की राजनीति को बढ़ावा दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि माफी नहीं मांगे जाने पर भाजपा सड़क से सदन तक विरोध करेगी।
प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने कहा कि दिवंगत व्यक्ति के प्रति अपमानजनक टिप्पणी राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने इसे कांग्रेस के खिलाफ भाजपा के आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता विरोध जारी रखेंगे।
पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा ने टिप्पणी को पूर्वांचल समाज की भावनाओं से जोड़ते हुए खड़गे से माफी की मांग की। युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी ने कहा कि युवा अभद्र राजनीतिक भाषा का विरोध करते हैं। ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल ने भी प्रधानमंत्री को लेकर की गई कथित टिप्पणी की निंदा की।
भाजपा नेता बृजेश राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास राजनीतिक मुद्दों के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लेने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।
कई वरिष्ठ नेताओं ने किया संबोधित
प्रदर्शन का संचालन प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने किया। इस दौरान संयुक्त मोर्चा प्रभारी सुमित भसीन, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा, युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष संतोष पाल, प्रदेश मंत्री रोहित चहल, विपिन बिहारी सिंह, बृजेश राय, आजाद सिंह और कार्यालय मंत्री कैलाश जैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
दिल्ली भाजपा ने स्पष्ट किया कि खड़गे द्वारा माफी मांगे जाने तक विरोध जारी रहेगा। पार्टी ने कहा कि वह इस मुद्दे को सार्वजनिक सभाओं और अन्य राजनीतिक मंचों पर उठाती रहेगी।
