चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली: तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र के ओखला स्थित झुग्गी बस्तियों के पुनर्वास को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष विक्रम बिधूड़ी ने झुग्गीवासियों को बड़ा भरोसा दिया है। उन्होंने अपने कार्यालय में डीडीए पुनर्वास योजना से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे सर्वे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘जहां झुग्गी, वहीं मकान’ घोषणा के तहत पुनर्वास की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की।
बिधूड़ी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी झुग्गीवासी को तब तक नहीं हटाया जाएगा, जब तक उसे वैकल्पिक फ्लैट उपलब्ध नहीं करा दिया जाता। उन्होंने कहा कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को किसी भी प्रकार से भ्रमित या भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि ओखला में सभी झुग्गियों के चल रहे सर्वे और पुनर्वास योजना से जुड़े विषयों पर अधिकारियों के साथ गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया है। बिधूड़ी ने झुग्गीवासियों को आश्वस्त किया कि पुनर्वास की प्रक्रिया में उन्हें वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी।
विक्रम बिधूड़ी के इस आश्वासन से तुगलकाबाद-ओखला की झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को राहत का संदेश गया है।
