चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली। संगम विहार से भाजपा विधायक चंदन कुमार चौधरी ने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों के दौरान धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्षों पुरानी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए चल रहे विकास कार्यों के कारण कुछ समय के लिए असुविधाएं होना स्वाभाविक है, लेकिन भविष्य में इसका लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में संगम विहार के समग्र विकास की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। सड़कों के चौड़ीकरण, नालियों और सीवर निर्माण, नई पानी की पाइपलाइन, बिजली व्यवस्था के सुधार, अवैध अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था और यातायात सुधार जैसे कार्यों के चलते कुछ स्थानों पर अस्थायी दिक्कतें आ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि दिल्ली मेट्रो, फ्लाईओवर और एक्सप्रेसवे जैसे बड़े विकास कार्यों का भी शुरुआती दौर में विरोध हुआ था, लेकिन आज वही परियोजनाएं लोगों के लिए बड़ी सुविधा का माध्यम बनी हुई हैं। इसी प्रकार संगम विहार में चल रहे विकास कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
चंदन कुमार चौधरी ने कहा कि बेहतर सड़कें, नियमित जलापूर्ति, मजबूत सीवर व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण, सुगम यातायात, अवैध कब्जों से मुक्त सार्वजनिक स्थान और व्यवस्थित बाजार व्यवस्था के लिए वर्तमान में थोड़े धैर्य की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए कुछ समय की असुविधा स्वीकार करनी होगी।
विधायक ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे आलोचना के बजाय सहयोग की भावना से इस परिवर्तन का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प संगम विहार के समग्र विकास के लिए अटल है और जनता की सेवा तथा विकास ही उनका एकमात्र लक्ष्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र का विकास सुनिश्चित होने तक वे निरंतर इसी दिशा में कार्य करते रहेंगे।